ताजासमाचार

दिवाली की रोशनी में रोशन हुआ नीमच, त्योहारी उमंग और खरीददारों की भीड़ से टेगोर मार्ग का दिवाली बाजार हुआ गुलजार

डेस्क न्यूज़ 19 October, 2025 अन्य

नीमच | दीपावली का पर्व जहां रौशनी, उमंग और उल्लास का प्रतीक है, वहीं इस बार भी नीमच शहर के मुख्य टेगोर मार्ग पर सजा अस्थाई दिवाली बाजार लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी नगर पालिका द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय बाजार में खरीदारी के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस बाजार में मिट्टी के दीपक, रंग-बिरंगे सजावटी सामान, मिठाइयाँ, पूजा सामग्री, गेंदे की मालाएँ, लाइट सीरीज, पान व आम के पत्ते, परमल-पतासे, गन्ने, तथा ट्रक-बस सजाने का सामान सहित दीपावली से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध हैं। शाम होते ही पूरा बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है, जिससे टेगोर मार्ग पर एक अद्भुत उत्सवी माहौल बन गया है।
हालांकि इस बार बाजार के आरंभ में कुछ कठिनाइयाँ भी देखने को मिलीं। अस्थाई दुकानदारों को प्रारंभ में स्थान आवंटित न किए जाने के कारण उन्होंने दो दिन तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के नेताओं ने व्यापारियों के समर्थन में मोर्चा संभाला और नगर पालिका से समस्या के समाधान की मांग की।
आखिरकार जिला प्रशासन और नगर पालिका के हस्तक्षेप से विवाद का समाधान निकला और दुकानदारों को टेगोर मार्ग पर दुकानें लगाने की अनुमति प्रदान की गई। इसके बाद व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीपावली पर व्यापार का अवसर मिलने की खुशी जाहिर की।
संघर्ष के बाद सजे इस अस्थाई बाजार ने न केवल स्थानीय व्यापारियों को राहत दी है, बल्कि शहरवासियों के लिए भी दीपावली की तैयारियों को सुगम और आनंदमय बना दिया है। टेगोर मार्ग इन दिनों दीयों की रौशनी, खरीदारों की चहल-पहल और उत्सव के रंगों से सराबोर है।

Related Post