डेस्क न्यूज़
16 October, 2025
अन्य
इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रतिष्ठित शासकीय शिक्षण संस्थान के दो छात्रों ने परीक्षा टालने के लिए बेहद गंभीर और आपत्तिजनक साजिश रची। छात्रों ने कॉलेज की प्राचार्य की मौत का फर्जी पत्र तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे न केवल अफवाह फैली बल्कि प्राचार्य और उनके परिवार को मानसिक तनाव का सामना भी करना पड़ा।
घटना शासकीय होलकर साइंस कॉलेज की है, जहां बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) के तृतीय सेमेस्टर में पढ़ने वाले दो छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा रद्द कराने की मंशा से कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन के ‘आकस्मिक निधन’ का झूठा पत्र वायरल कर दिया। पत्र में कॉलेज का लेटरहेड इस्तेमाल किया गया और इसमें लिखा गया कि 15 और 16 अक्टूबर को होने वाली ऑनलाइन परीक्षा स्थगित की जाती है। साथ ही सभी विषयों की कक्षाएं भी रद्द बताई गईं।
प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन ने जब इस फर्जी पत्र की जानकारी दी, तो कॉलेज और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके घर तक पहुंच गए। डॉ. जैन ने बताया कि इस घटना से वे और उनका परिवार बेहद परेशान हो गए। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके। मामले की शिकायत मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस ने दोनों छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जिसमें किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के इरादे से फर्जी दस्तावेज तैयार करने का प्रावधान है।