डेस्क न्यूज़
15 October, 2025
अन्य
मंदसौर। भानपुरा स्थित महाराजा यशवंत राव होलकर शासकीय महाविद्यालय में चल रहे युवा उत्सव कार्यक्रम के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कार्यक्रम के बीच कपड़े बदलने गई छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो एबीवीपी नगर मंत्री उमेश जोशी और उसके तीन साथियों ने चोरी-छिपे बना लीं। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कक्ष क्रमांक 10 बना वारदात का अड्डा
युवा उत्सव के दौरान छात्राएं जब अपनी प्रस्तुति के लिए कपड़े बदलने कक्ष क्रमांक 10 में गईं, तभी आरोपियों ने दरवाजे के ऊपरी वेंटिलेशन से फोटो और वीडियो बना लिए। छात्राओं ने तत्काल इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
कॉलेज प्रशासन ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो पूरा मामला साफ हो गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने इसे गंभीर मानते हुए भानपुरा थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी को लिखित शिकायत दी।
चार आरोपियों पर मामला दर्ज — मुख्य आरोपी एबीवीपी पदाधिकारी
थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी के अनुसार, मुख्य आरोपी उमेश जोशी (एबीवीपी नगर मंत्री), अजय गौड़ और हिमांशु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एक अन्य आरोपी सरदार पिता हरिसिंह निवासी कंवला भीलखेड़ी की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल की आशंका
प्राचार्य ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि यदि यह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते, तो छात्राओं की निजता और सम्मान को गहरी ठेस पहुंचती। इसी गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
NSUI ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
मामले को गंभीर बताते हुए NSUI जिला अध्यक्ष ऋतिक पटेल ने थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। उन्होंने कहा, “इस शर्मनाक कृत्य को अंजाम देने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। यदि कार्रवाई में ढिलाई बरती गई तो आंदोलन किया जाएगा।
थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी ने कहा:
छात्राओं की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है।”
NSUI जिला अध्यक्ष ऋतिक पटेल का बयान:
महाविद्यालय परिसर में इस तरह की घिनौनी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस सख्त कार्रवाई करे, वरना आंदोलन होगा।”
प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा का कहना -
छात्राओं से शिकायत मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। हम छात्राओं की सुरक्षा और गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।