ताजासमाचार

दीपावली करीब, लेकिन दुकानदार नाराज़ !  टैगोर मार्ग पर दुकान लगाने की मांग को लेकर अस्थायी व्यापारियों ने दिया धरना | कांग्रेस नेता उतरे समर्थन में, जानिए क्या है पूरा मामला

डेस्क न्यूज़ 14 October, 2025 अन्य

नीमच | जैसे-जैसे दीपावली का पर्व नज़दीक आ रहा है, वैसे-वैसे अस्थाई दुकानदारों की नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को टैगोर मार्ग पर मिट्टी के दीये, खिलौने, पूजा सामग्री, पत्ती और रंगोली बेचने वाले छोटे व्यापारियों ने भारतमाता चौराहे पर धरना देकर अपनी मांगें रखीं।
 व्यापारियों का कहना है कि वे पूरे साल मेहनत कर दीपावली के लिए मिट्टी की सामग्री तैयार करते हैं, लेकिन पिछले वर्ष उन्हें दशहरा मैदान में दुकानें लगाने को मजबूर किया गया, जहां ग्राहकों की कमी के चलते उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने बताया कि टैगोर मार्ग पर वर्षों से अस्थायी दुकानें लगती रही हैं, जिससे उनकी बिक्री अच्छी होती है और वे अपने परिवार की दीपावली भी ठीक से मना पाते हैं। पिछले साल प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि अगली बार फिर टैगोर मार्ग पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन नगरपालिका ने दशहरा मैदान गोटी सिस्टम से फिर दुकानें आवंटित कर दी, जिससे कई अस्थायी दुकानदारों ने आक्रोश पनप उठा ।
धरने में कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति और कांग्रेस नेता राकेश अहीर भी पहुंचे और दुकानदारों की मांगों का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि दीपावली सिर्फ पांच दिन का पर्व है, और इतने छोटे समय के लिए इन छोटे व्यापारियों को दशहरा मैदान भेजना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परंपरा अनुसार टैगोर मार्ग पर दुकानों की अनुमति दी जाए।

Related Post