डेस्क न्यूज़
13 October, 2025
अन्य
नीमच | नीमच के बघाना क्षेत्र में एक गौसेवक द्वारा बीमार गौमाता की सेवा करना उस पर ही भारी पड़ गया। होली चौक पर लंपी जैसी बीमारी से पीड़ित अवस्था में सड़क पर पड़ी एक गाय को जब गौसेवक मितेश अहीर ने प्राथमिक उपचार देकर उसके मालिक के घर पहुंचाया, तो गाय के मालिक ने गौ सेवक मितेश अहीर के साथ मारपीट कर दी । इस घटना के बाद नारायणी सेना ने बघाना थाने में आवेदन सौंपकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित मितेश अहीर ने बताया कि एक बीमार गाय काफी समय से होली चौक पर पीड़ित अवस्था में पड़ी थी। जब इसकी जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और गाय को प्राथमिक उपचार दिया। पड़ताल करने पर पता चला कि गाय पास ही के निवासी नारायण शर्मा की है। मितेश ने उन्हें फोन कर गाय को घर ले जाकर इलाज करवाने की बात कही, जिस पर उन्होंने कहा शाम को ले जाएंगे। लेकिन अगले दिन भी जब गाय वहीं पड़ी मिली, तो मितेश ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और उनकी मौजूदगी में गौमाता को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया।
इसी सेवा कार्य से नाराज़ होकर अजय शर्मा और शाहरुख खान मितेश अहीर की दुकान पर जा धमके। वहाँ उन्होंने पहले गाली-गलौज की, फिर दुकान में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट की। इस हमले से गौसेवकों और अहीर समाज में भारी नाराज़गी देखी गई।
घटना के बाद नारायणी सेना ने बघाना थाने पहुँचकर आवेदन सौंपा और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की ओर चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।