ताजासमाचार

गुरुजनों के जन्मदिवस पर निकला बोहरा समाज का भव्य जुलूस | बग्घियां, बैंड, पुष्पवर्षा और जयघोषों के साथ मना जन्मोत्सव का पर्व...|

डेस्क न्यूज़ 12 October, 2025 अन्य

नीमच | दाऊदी बोहरा समाज के 52वें धर्मगुरु सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब और 53वें धर्मगुरु सैयदना आलीक़दर मुफ़द्दल सैफुद्दीन साहब का पावन जन्मदिन रविवार को समाजजनों द्वारा अपार श्रद्धा, उल्लास और एकजुटता के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर नगर में एक भव्य और अनुशासित जुलूस निकाला गया, जिसने पूरे शहर को धार्मिक आस्था, सौहार्द और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया।
जुलूस का शुभारंभ बोहरा बाजार से हुआ, जो पारंपरिक अंदाज़ में कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, पुस्तक बाजार, फोर जीरो चौराहा होते हुए पुनः बोहरा गली पर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में जुलूस का स्वागत पुष्पवर्षा और जयघोषों के साथ किया गया।
समाज के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई। बच्चों की सजी हुई बग्घियों, घोड़ों पर सवार वरिष्ठजनों और बुरहानी गार्ड की अनुशासित उपस्थिति ने जुलूस को एक भव्य स्वरूप प्रदान किया। इज्जी स्काउट बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।
जुलूस के दौरान "हिंदुस्तान जिंदाबाद" और "नारा-ए-तकबीर" के जयघोष गूंजते रहे, जो समाज की देशभक्ति और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रमाण बने। मार्ग में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती सहित कई गणमान्यजन भी जुलूस में शामिल होकर शुभकामनाएं देने पहुंचे।
यह आयोजन न केवल दाऊदी बोहरा समाज की एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक बना, बल्कि समस्त शहरवासियों को एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश भी दे गया।

Related Post