ताजासमाचार

दीपावली से पहले फिर गरमाया दुकानों का मुद्दा- प्रजापति समाज ने दशहरा मैदान में दुकानें लगाने से किया इंकार...! टैगोर मार्ग पर दुकानें लगाने की अनुमति के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 10 October, 2025 अन्य

नीमच | दीपावली जैसे-जैसे नज़दीक आ रही है, वैसे ही अस्थायी दुकानदारों मे आक्रोश भी देखा जा रहा है, टेगोर मार्ग पर दुकाने लगाने की मांग लेकर प्रजापति समाज अब मैदान मे उतर आया | 
प्रजापति समाज ने इस वर्ष भी प्रशासन द्वारा दशहरा मैदान में अस्थायी दुकानें लगाने की संभावित योजना का विरोध करते हुए साफ़ शब्दों में कहा है कि वे इस बार वहाँ दुकानें नहीं लगाएंगे। समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर माँग की है कि उन्हें पूर्व की भांति टैगोर मार्ग पर ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि उनकी सालभर की मेहनत बेकार न जाए।
समाजजनों  का कहना है कि वे पूरे वर्ष मेहनत करके मिट्टी के दीये, खिलौने व पारंपरिक सजावटी सामग्री तैयार करते हैं, जिनकी बिक्री मुख्यतः दीपावली के अवसर पर होती है। वर्षों से टैगोर मार्ग के फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहे तक अस्थायी दुकानें लगती रही हैं, जहां अच्छी खासी ग्राहकी भी मिलती है। लेकिन पिछले वर्ष प्रशासन ने अचानक व्यवस्था बदलते हुए उन्हें दशहरा मैदान भेज दिया, जहां पर्याप्त ग्राहक न पहुँचने के कारण उनकी अधिकांश सामग्री बिक ही नहीं पाई, जिससे को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रजापति समाज के सदस्यों ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष प्रशासन द्वारा उन्हें स्पष्ट आश्वासन दिया गया था कि यह व्यवस्था सिर्फ एक वर्ष के लिए अस्थायी रूप से की जा रही है और अगले वर्ष उन्हें पुनः टैगोर मार्ग पर ही दुकानें लगाने दी जाएंगी। लेकिन अब फिर से वही दशहरा मैदान की बात सामने आ रही है, जो समाज के साथ वादा-खिलाफी जैसा है।
समाज ने प्रशासन से अपील की है कि वह इस बार समय रहते निर्णय ले और टैगोर मार्ग पर दुकानें लगाने की अनुमति प्रदान करे, जिससे वे अपनी मेहनत की कमाई से त्योहार मना सकें।

Related Post