डेस्क न्यूज़
09 October, 2025
अन्य
सुवासरा (मंदसौर)। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुवासरा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की दर्जनों छात्राएं शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) रोहित जोकचंद पर शराब के नशे में स्कूल आने, गुटखा खाने और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गईं।
मौके पर तहसीलदार रामलाल मुनिया, नायब तहसीलदार आकाश वसुनिया, पुलिस बल, और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंचे। मामला बढ़ता देख आरोपित पीटीआई रोहित जोकचंद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक रोहित जोकचंद आए दिन नशे की हालत में स्कूल आते हैं, गुटखा खाते हैं और कई बार छात्राओं के साथ अशोभनीय भाषा का उपयोग करते हैं। इस व्यवहार से त्रस्त होकर छात्राएं स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गईं।
मामले को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और नायब तहसीलदार आकाश वसुनिया के बीच कार्रवाई को लेकर तीखी बहस और नोकझोंक हुई। परिषद कार्यकर्ता पीटीआई के निलंबन और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे, जबकि प्रशासन मामले की जांच का हवाला देकर संयम बरतने की अपील करता रहा ।
छात्रा अंजना पाटीदार ने कहा कि, हम रोज़ स्कूल आते हैं और ये सर शराब पीकर आते हैं। गुटखा खाते हैं। हमने कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए हम सब धरने पर बैठे हैं।
एबीवीपी कार्यकर्ता देवराज सिंह ने कहा कि, छात्राओं के साथ ऐसा व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम मांग करते हैं कि आरोपी पीटीआई को तत्काल निलंबित कर गिरफ्तारी की जाए, वरना आंदोलन तेज़ होगा।"
मौके पर पहुंचे तहसीलदार रामलाल मुनिया ने कहा कि पुलिस द्वारा आरोपी शिक्षक को थाने ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
अंतत: आरोपित पीटीआई रोहित जोकचंद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पूरे घटनाक्रम मामले में पीटीआई शिक्षक रोहित जोकचंद्र का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है...