ताजासमाचार

अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर रही थी एएसआई, टीआई की मौत के बाद बर्खास्तगी

डेस्क न्यूज़ 09 October, 2025 अन्य

इंदौर | बहुचर्चित टीआई हाकम सिंह पंवार आत्महत्या प्रकरण में पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। मामले में आरोपी महिला एएसआई रंजना खांडे को गंभीर अनियमितताओं के चलते पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। रंजना पर टीआई का अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है, जिसके चलते टीआई ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया था।
जुलाई 2022 में भोपाल के श्यामला हिल्स थाना में पदस्थ टीआई हाकम सिंह पंवार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने महिला एएसआई रंजना खांडे पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बच गई थीं। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया था।
टीआई के परिवार ने रंजना पर गंभीर आरोप लगाए थे कि वह हाकम सिंह का अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन पुलिस आयुक्त ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
प्रारंभिक विभागीय जांच में सिर्फ वेतन वृद्धि रोकने की सिफारिश की गई थी, लेकिन वर्तमान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने जांच को पुनः खोला। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) आर.के. सिंह द्वारा की गई दोबारा जांच में एएसआई रंजना खांडे के विरुद्ध गंभीर अनुशासनहीनता, ब्लैकमेलिंग और विभाग की छवि धूमिल करने के तथ्य पाए गए। इसके आधार पर उसे सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया।
एएसआई रंजना खांडे के खिलाफ इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। इस केस में टीआई की तीसरी पत्नी रेशमा शेख उर्फ जग्गू, रंजना का भाई कमलेश खांडे, और एक कपड़ा कारोबारी गोविंद जायसवाल भी आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस ने रंजना को उज्जैन से गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर दिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Post