ताजासमाचार

जिले में लम्पी वायरस का कहर, गोवंश की मौतों से बढ़ी चिंता | विभागीय दावों पर उठ रहे सवाल

डेस्क न्यूज़ 06 October, 2025 अन्य

नीमच | जिले में गोवंश के बीच लम्पी स्किन डिज़ीज़ (LSD) का संक्रमण लगातार तेज़ी से फैल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दर्जनों गायें इस वायरस की चपेट में आ चुकी हैं। गोसेवकों का दावा है कि अब तक कई गोवंश की मौत हो चुकी है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर इस संबंध में कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

स्थानीय गोसेवक मितेश अहीर और पार्थ जोशी के अनुसार, उन्होंने हाल ही में करीब 40 से अधिक संक्रमित गायों का स्वयं उपचार किया है। उनका कहना है कि लम्पी वायरस के कारण कम से कम 10 से अधिक गोवंश की जान जा चुकी है, और यह संख्या अधिक हो सकती है क्योंकि कई मौतें घरों में हुई हैं और वे सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं। गोसेवकों का आरोप है कि अब तक उन्हें न तो पशु चिकित्सा विभाग से कोई सहायता मिली है और न ही वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में वे अपने स्तर पर इलाज और देखभाल कर रहे हैं।

वहीं, पशु चिकित्सा विभाग ने गोसेवकों के दावों को खारिज किया है। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.आर. धाकड़ का कहना है कि लम्पी वायरस से गोवंश की किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में एक लाख से अधिक गोवंश का टीकाकरण किया जा चुका है और 57 हजार से अधिक पशुओं का पंजीकरण भी किया गया है। विभाग द्वारा निरंतर निगरानी और टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

हालांकि ज़मीनी हालात इससे इतर तस्वीर पेश कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में वैक्सीनेशन का लाभ नहीं पहुंचने की बात सामने आ रही है, जिससे संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ग्रामीण इलाकों में संक्रमित और मृत गायों की बढ़ती संख्या ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिक और गोसेवक मांग कर रहे हैं कि लम्पी वायरस के नियंत्रण के लिए सरकार और विभाग ठोस और प्रभावी कदम उठाएं।

Related Post