ताजासमाचार

सोशल मीडिया और साइबर फ्रॉड से कैसे बचें – पुलिस ने छात्राओं को किया अलर्ट | नीमच सिटी पुलिस ने छात्राओं को सिखाई साइबर सुरक्षा की बारीकियाँ

डेस्क न्यूज़ 06 October, 2025 अन्य

नीमच | भारत सरकार द्वारा आयोजित "राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस थाना नीमच सिटी द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच सिटी में बालिकाओं के लिए एक साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 55 छात्राएँ एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस थाना नीमच सिटी से उनि लक्ष्मण सिंह एवं महिला आरक्षक शिना पाटिल ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर सतर्कता, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, साइबर बुलिंग से बचाव, वॉट्सऐप फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए अपराध, और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वक्ताओं ने उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया कि किस प्रकार अनजाने में की गई लापरवाही साइबर ठगी का कारण बन सकती है, और उससे कैसे बचा जाए।
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना, डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देना, और उन्हें ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रूप से व्यवहार करना सिखाना है।
इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को न केवल साइबर खतरे पहचानने की क्षमता मिलती है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलता है।

Related Post