ताजासमाचार

इंदिरा नगर में पहली बार भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन, 21 फीट ऊंचे रावण का दहन बना आकर्षण का केंद्र

डेस्क न्यूज़ 06 October, 2025 अन्य

नीमच | इंदिरा नगर स्थित मॉ शीतलामाताजी मंदिर प्रांगण में मॉर्निंग क्लब द्वारा पहली बार भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव की विशेषता 21 फीट ऊंचे रावण के पुतले का आकर्षक दहन रहा, जिसने उपस्थित जनसमुदाय को रोमांचित कर दिया। इस आयोजन को मॉ शीतलामाताजी मंदिर दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में सम्पन्न किया गया।

रामभक्ति से गूंजा इंदिरा नगर
दशहरा उत्सव की शुरुआत शाम 4 बजे इंदिरा नगर के शिवचौक मंदिर से भगवान श्रीराम, माता सीता एवं हनुमानजी के स्वांगधारी कलाकारों की भव्य शोभायात्रा से हुई। बग्गियों में सवार स्वांगधारी, ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों की धुनों के साथ जैसे ही प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुँचे, पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

रावण दहन और मेले में उमड़ा जनसैलाब
रावण दहन के साथ ही मंदिर के सामने स्थित खेल मैदान में भव्य मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें झूले, चकरी, खान-पान की स्टॉलें और मनोरंजन के कई आकर्षण मौजूद रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मेले का भरपूर आनंद लिया। मैदान को विशेष रूप से रोशनी और रंगीन सजावट से सुसज्जित किया गया था, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सामाजिक एकता का संदेश
मॉर्निंग क्लब के विजय सिंह चौहान (शिवाजी), ओम दीवान, मुकेश पोरवाल, नीलेश जोशी, शौकीन पामेचा, जयप्रकाश दलवी, जीवनलाल सिंघवा और जुगल कंडारा ने बताया कि इस आयोजन को एक नई परंपरा के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया गया है, ताकि आने वाले वर्षों में भी समाज एकजुट होकर धर्म और संस्कृति का उत्सव मना सके।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान (शिवाजी), नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिग्विजयसिंह चुंडावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने रावण दहन का शुभारंभ कर जनता का उत्साहवर्धन किया।

सम्मान और व्यवस्थाएं
आकर्षक वेशभूषा में भाग लेने वाले स्वांगधारियों को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की विशेष नियुक्ति की गई थी, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Related Post