डेस्क न्यूज़
05 October, 2025
अन्य
नीमच | महिला थाना परिसर के बाहर शुक्रवार को एक युवक द्वारा ज़हर खा लेने की घटना सामने आई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले के बादरी गांव निवासी लालूराम नायक और उसकी पत्नी दुर्गा नायक के बीच हाल ही में मामूली विवाद हुआ था। 3 अक्टूबर को दुर्गा नायक निंबाहेड़ा मेला देखकर लौट रही थी, तभी उसका पति लालूराम नीमच पहुंच गया और रास्ते में उसके साथ गालीगलौज व मारपीट करने लगा।
घबराई दुर्गा ने महिला थाने में शरण ली और अपने माता-पिता को भी वहां बुला लिया। इसी दौरान महिला थाने के बाहर ही लालूराम ने ज़हर पी लिया। परिजनों ने जैसे-तैसे उसके हाथ से ज़हर की शीशी छीनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दो दिन तक इलाज चला। हालांकि शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक लालूराम अपने पीछे दो बेटे—नरेंद्र और संतोष—छोड़ गया है। पिता की असमय मृत्यु के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। एक मामूली विवाद ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।