डेस्क न्यूज़
05 October, 2025
अन्य
मंदसौर | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी पर करारा प्रहार किया है। विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में CBN जावरा, एमडीएस तृतीय डिवीजन और डीएनसी (ओ) नीमच की टीम ने 03 अक्टूबर 2025 को मंदसौर ज़िले में पिपलियामंडी टोल प्लाज़ा पर एक ट्रक से 21.194 किलोग्राम अफीम बरामद की है।
यह कार्रवाई दो दिवसीय ऑपरेशन (03 से 04 अक्टूबर 2025) के तहत अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार, एक राजस्थान पंजीकृत टाटा ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अफीम को जोधपुर ले जाने की सूचना मिलने पर CBN की संयुक्त टीम ने त्वरित योजना बनाकर ट्रक की निगरानी शुरू की।
रात के समय संदिग्ध ट्रक की पहचान कर उसे पिपलियामंडी टोल प्लाज़ा पर रोका गया। जांच के दौरान ट्रक के केबिन से 21.194 किलो अफीम बरामद हुई। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
CBN ने अफीम और ट्रक को जब्त करते हुए, आरोपी के खिलाफ NDPS Act, 1985 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। CBN अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी चोट है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी।