डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अपराध
मंदसौर। जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नाहरगढ़ पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 640 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब की यह बड़ी खेप फर्जी बिल्टी के जरिए बासमती चावल के नाम पर परिवहन की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर अवैध शराब लेकर बसई–डिगांव रोड की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने झलारा फंटा पर नाकाबंदी कर कंटेनर (RJ 09 GA 9603) को रोका। इस दौरान चालक भूपतलाल मेघवाल, निवासी भाटाला (जिला बालोतरा, राजस्थान), भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर कंटेनर में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप मिली, जिसे वैध चावल की बिल्टी के आड़ में ले जाया जा रहा था। मामले में कंटेनर और शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एसपी विनोद मीना के मार्गदर्शन और एडिशनल एसपी बघेल की निगरानी में की गई। एडिशनल एसपी ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी पर लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।