ताजासमाचार

जीरन में सांस्कृतिक मंच पर मार पिटाई का प्रदर्शन: रंगारंग कार्यक्रम में डांसर के साथ डांस करने पर हाथापाई, कांग्रेस पार्षद गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 04 October, 2025 अपराध

जीरन। जीरन में दशहरा उत्सव का माहौल खुशियों से भरा था... मंच सजा था, डांसर प्रस्तुति दे रही थी, तभी एक पल में यह रंगारंग माहौल विवाद में बदल गया, सांस्कृतिक कार्यक्रम अचानक मारपिटाई के अखाड़े में बदल गया ।

दरअसल, नगर परिषद जीरन की ओर से तीन दिवसीय दशहरा मेला आयोजित किया गया था। 30 सितंबर से शुरू हुए इस आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी रखी गईं। 1 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे मंच पर महिला कलाकारों ने डांस की प्रस्तुति शुरू की। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी नगर का एक युवक भी मंच पर चढ़कर कलाकारों के साथ डांस करने लगा। मंच पर यह दृश्य देखकर दर्शकों में बैठे कुछ नागरिकों ने आपत्ति जताई। इन्हीं में से जयप्रकाश नगर जीरन निवासी भेरूलाल अहिरवार ने भी मंच पर जाकर डांस करने वाले युवक को रोकने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनिगरा से भेरुलाल की कहासुनी हो गई। कहा-सुनी, धक्का मुक्की के बाद विवाद में बदल गई और देखते ही देखते मंच पर मारपीट की स्थिति बन गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह मामला शांत कराया। लेकिन बात यहीं नहीं थमी। देर रात भेरूलाल अहिरवार अपने परिजनों और समर्थकों के साथ जीरन थाने पहुंचे और पार्षद सोनिगरा के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने व मारपीट करने की शिकायत दर्ज करा दी ।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पार्षद सोनिगरा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पता चला कि सोनिगरा भी अपनी फ़रियाद लेकर कुछ लोगों के साथ थाने आवेदन देने पहुंचे,लेकिन तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

अगले दिन, 2 अक्टूबर को, इस घटना के विरोध में नागरिकों ने हरवार चौराहे पर प्रदर्शन किया और कांग्रेस पार्षद की गिरफ्तारी की मांग की। कुछ देर यातायात भी बाधित रहा। बाद में पुलिस द्वारा सोनिगरा की गिरफ्तारी की जानकारी देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

उधर, नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार ने भी इस मामले में नगर परिषद सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर मंच पर हुए विवाद की जांच करने और संबंधित कलाकार समूह के भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है।

 “मैं मंच पर परिषद सदस्य के नाते मौजूद था। एक व्यक्ति ने डांसर के साथ युवक के मंच पर जाने को लेकर विवाद खड़ा किया और मेरे साथ बदसलूकी की। मेरे खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है।”
पुष्पेंद्र सिंह सोनिगरा, पार्षद वार्ड क्रमांक 3 जीरन

“डांसर के साथ डांस करने को लेकर विवाद हुआ था। एक व्यक्ति ने कांग्रेस पार्षद के खिलाफ मारपीट व जातिसूचक गालियां देने की शिकायत की। एससी एसटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है...जांच की जा रही है, पार्षद की गिरफ्तारी नहीं हुई है,।
उमेश यादव, टीआई जीरन

Related Post