डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अन्य
नीमच । शहर के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमच-मनासा मुख्य मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा रेवली-देवली गांव के समीप शुक्रवार रात करीब 11 बजे घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जीरन थाना क्षेत्र के काली कोठड़ी निवासी सुनील मेघवाल (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनील रात के समय अपने किसी परिजन की मोटरसाइकिल लेकर कहीं जा रहा था। तभी रेवली देवली के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दूर जा गिरी और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिससे सिर में आई गंभीर चोट उसकी मौत का कारण बनी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को स्थानीय ऑटो की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर छा गई है।