डेस्क न्यूज़
04 October, 2025
अन्य
नीमच/अठाना। ग्राम अठाना के एक खेत में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने वहां एक विशालकाय अजगर को रेंगते हुए देखा। करीब 10 फीट लंबे इस अजगर की सूचना तुरंत वन विभाग और स्थानीय सर्प रेस्क्यू टीम को दी गई।
जानकारी मिलते ही अनुभवी रेस्क्यू एक्सपर्ट गजराज सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सावधानी और कुशलता के साथ अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान खेत के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, लेकिन गजराज सिंह ने बिना किसी जान-माल के नुकसान के सर्प को नियंत्रित कर लिया।
गजराज सिंह चौहान ने बताया कि यह अजगर प्रजाति मानव के लिए ज़्यादा खतरनाक नहीं होती, लेकिन डर और अज्ञानता के कारण अक्सर लोग इन्हें मारने की कोशिश करते हैं। ऐसे में उनका मुख्य उद्देश्य न सिर्फ जीव को बचाना होता है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी होता है।
रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से केनपुरिया के वन क्षेत्र में छोड़ा गया, जहां उसका प्राकृतिक आवास है। वन विभाग ने भी इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने गजराज सिंह चौहान के इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार ऐसे कार्यों के जरिए न केवल जीवों की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि गांव में वन्यजीवों को लेकर जागरूकता भी फैला रहे हैं।