डेस्क न्यूज़
01 October, 2025
अन्य
चित्तौड़गढ़ । केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने अपने मादक पदार्थ विरोधी अभियानों के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। 29 सितंबर 2025 को विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 70.670 किलोग्राम अफीम का भूसा जब्त किया गया।
सीबीएन सिंगोली प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने यह कार्रवाई चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र में सेमलिया-खरदी मार्ग पर की। अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक मारुति ऑल्टो K10 कार को रोका, लेकिन वाहन में सवार तस्कर सीबीएन टीम को देख खेतों की ओर फरार हो गए। अधिकारियों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, मगर अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें से अफीम के भूसे से भरे 4 बैग बरामद हुए, जिनका कुल वजन 70.670 किलोग्राम था। कार और बरामद सामग्री को सीबीएन के सिंगोली कार्यालय लाकर ज़ब्ती की कार्यवाही पूरी की गई।
सीबीएन ने इस मामले में NDPS अधिनियम, 1985 के तहत केस दर्ज किया है और फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
विभाग की ओर से कहा गया कि आगे की जांच जारी है।