ताजासमाचार

भाटखेड़ा चौराहे पर फूटी पाइप लाइन, हजारों लीटर पानी बहा

डेस्क न्यूज़ 30 September, 2025 अन्य

नीमच। सोमवार शाम को शहर के व्यस्ततम भाटखेड़ा चौराहे पर उस समय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जब मुख्य मार्ग किनारे से गुजर रही पानी की पाइप लाइन अचानक फूट गई। पाइप लाइन में तेज दबाव होने के कारण पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि देखते ही देखते पाइप से फव्वारे की तरह पानी ऊपर निकलने लगा। यह नजारा देखकर राहगीर रुक गए और कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस दृश्य को कैद कर लिया। कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। तब तक हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह चुका था। कर्मचारियों ने पाइप को रिपेयर कर पानी के बहाव को नियंत्रित कर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिसके चलते बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद होता है। नागरिकों ने नगर पालिका से अपील की है कि समय-समय पर पाइप लाइन की जांच की जाए, ताकि भविष्य में पानी की अनावश्यक बर्बादी और नागरिकों को होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

Related Post