डेस्क न्यूज़
24 September, 2025
अन्य
नीमच। चैंबर ऑफ कॉमर्स नीमच के अध्यक्ष जिनेंद्र कुमार डोसी ने हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने माननीय सांसद को पत्र लिखकर सवाल खड़ा किया कि जब भारत सरकार ने हेल्थ इंश्योरेंस को जीएसटी मुक्त कर दिया है, तो बैंक के माध्यम से ली गई पॉलिसियों पर अब भी जीएसटी क्यों वसूला जा रहा है।
डोसी ने पत्र में लिखा कि—
"हमने वर्षों पहले बैंक के जरिए हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। जब प्रीमियम भरने का समय आया तो बैंक ने जीएसटी सहित भुगतान करने को कहा। सवाल यह है कि जब सरकार ने हेल्थ इंश्योरेंस को जीएसटी मुक्त कर दिया है, तो पॉलिसी चाहे डायरेक्ट हो या बैंक के माध्यम से ली गई हो, सभी पर समान नियम लागू होना चाहिए।"
उन्होंने सांसद से मांग की है कि इस विषय को उचित मंच पर उठाकर आम जनता को राहत दिलाई जाए। डोसी का कहना है कि यह दोहरी नीति लोगों के साथ अन्याय है और इससे लाखों पॉलिसीधारक लाभ से वंचित हो रहे हैं। फिलहाल, यह मामला व्यापारिक और सामाजिक संगठनों में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग केंद्र सरकार से जल्द से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की उम्मीद जता रहे हैं।