डेस्क न्यूज़
22 September, 2025
अन्य
नीमच | बघाना थाना पुलिस ने एक जटिल और दो वर्ष पुराने दुष्कर्म के प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 5000 रुपये के इनामी फरार आरोपी नरेश कुमार कश्यप को महाराष्ट्र के इचलकरंजी से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित टीम ने सायबर सेल की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोचने में सफलता पाई। उक्त प्रकरण 23 अप्रैल 2024 को तब दर्ज हुआ था, जब एक महिला ने थाना बघाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से जांच प्रारंभ की। सायबर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई खोजबीन में अपहृता को आरोपी के घर से दस्तयाब किया गया। आरोपी की पहचान नरेश कुमार कश्यप पिता पप्पुराम उर्फ लालाराम कश्यप, उम्र 22 वर्ष, निवासी काना वाली ढाणी, थाना बाणसूर, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था और उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके निवास स्थान पर पाँच बार दबिश दी, लेकिन हर बार वह बच निकलता रहा। अंततः सायबर सेल के विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के माध्यम से उसकी लोकेशन महाराष्ट्र के इचलकरंजी में ट्रेस की गई, जहाँ से आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी, उनि रामकिशन सिंगावत, आर. ओमप्रकाश पारगी, आर. कारूलाल गुर्जर, आर. गिरधारी लाल, तथा सायबर सेल टीम से प्रआर. प्रदीप शिंदे, आर. कुलदीपसिंह, और आर. लखनसिंह का सराहनीय योगदान रहा।