ताजासमाचार

महू रोड पर कंप्रेसर ब्लास्ट से युवक गंभीर घायल, हालत नाजुक – तेज धमाके से दहला इलाका

डेस्क न्यूज़ 22 September, 2025 अन्य

नीमच | रविवार शाम मंदसौर के केंट थाना क्षेत्र अंतर्गत महू रोड पर एक कंप्रेसर ब्लास्ट ने अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले की निम्बाहेड़ा तहसील निवासी सूरज माली (20) मूर्ति निर्माता की दुकान पर मूर्ति लेने आए थे। दुकान में सुबह से मूर्तियों पर पेंटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक कंप्रेसर में विस्फोट हो गया, जिससे सूरज माली गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाका इतना जबरदस्त था कि सूरज का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग घबराकर मौके पर पहुंच गए। रविवार होने के कारण आसपास की अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हादसे में दुकान में रखी कई मूर्तियाँ भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कंप्रेसर फटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Post