डेस्क न्यूज़
21 September, 2025
अन्य
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। शनिवार को महू-नीमच रोड पर की गई एक सुनियोजित कार्रवाई में सीबीएन की जावरा सेल ने एक ट्रक को रोककर उसके भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने से लगभग एक किलोग्राम उच्च शुद्धता वाला मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और ट्रक को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीएन को खुफिया सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र से एक ट्रक के जरिए एमडीएमए की बड़ी खेप गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जावरा सेल के अधिकारियों द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे संदिग्ध मार्ग पर निगरानी के लिए रवाना किया गया। टीम ने रतलाम जिले के जावरा तहसील अंतर्गत ग्राम हसनपालिया में पात्रा ढाबा के समीप महू-नीमच रोड पर एक संदिग्ध ट्रक को चिन्हित कर रोका।
प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि ट्रक के एयर फिल्टर के भीतर एक विशेष गुप्त डिब्बा बनाया गया है, जिसमें मादक पदार्थ छिपाया गया है। मौके पर पूरी तलाशी संभव नहीं होने के कारण ट्रक को जावरा स्थित सीबीएन कार्यालय लाया गया।
वहां कई घंटों की बारीकी से की गई जांच के बाद ट्रक के एयर फिल्टर में बने विशेष डिब्बे से तीन पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 0.939 किलोग्राम एमडीएमए पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने ट्रक में लदी मक्का की 530 बोरियों के नीचे यह मादक पदार्थ छिपा रखा था ताकि किसी को संदेह न हो सके।
सीबीएन ने ट्रक, मक्का की बोरियां तथा बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई सीबीएन की सूझबूझ, तकनीकी दक्षता और कड़े निगरानी तंत्र का प्रमाण है, जो मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए सतत रूप से सक्रिय है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क की पहचान कर जल्द ही और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।