ताजासमाचार

पीएम के जन्मदिवस पर जावद विधायक सखलेचा ने विद्यार्थियों में बांटे 50 लाख रुपये

डेस्क न्यूज 17 September, 2025 राजनीति

जावद विधायक सखलेचा की अनूठी पहल;14 हज़ार विद्यार्थियों को सेवा कार्यों के लिए बांटे 50 लाख रुपये

नीमच/जावद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोमवार को जावद में एतिहासिक कार्यक्रम किया गया। यहां विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने सेवा और संस्कार को केंद्र में रखकर एक अनूठी पहल की। विधानसभा क्षेत्र के 141 शासकीय स्कूलों के 14 हज़ार विद्यार्थियों को समाज सेवा की प्रेरणा देने के लिए करीब 50 लाख रुपये की राशि वितरित की गई।   

सांदीपनि विद्यालय में आयोजित किया गया कार्यक्रम

सांदीपनि विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 तक के 7200 विद्यार्थियों को 200-200 रुपये और कक्षा 9 से 12 तक के 6600 विद्यार्थियों को 500-500 रुपये प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को छोटी-छोटी सेवाभावनाओं से जोड़ना और समाजहित के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

विधायक सखलेचा ने कहा कि, “संभवत: यह देश का पहला अवसर है, जब प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर एक साथ 14 हज़ार विद्यार्थी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित हो रहे हैं। मोदीजी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है, उसी सोच को बच्चों तक पहुँचाने का यह प्रयास है।

सेवा कार्यों का संकल्प 

राशि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों ने बताया की वे इस राशि से अलग-अलग तरीकों से सेवा कार्य करेंगे। किसी ने गरीब वृद्ध को चप्पल दिलाने, किसी ने घर का बल्ब बदलने, तो किसी ने बीमार व्यक्ति को डॉक्टर तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा है। इन कार्यों से बच्चों में करुणा, संवेदना और सेवा भाव का संचार होगा।

विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया

छात्रा शिरीन कुरेशी ने कहा कि इस पहल ने उन्हें समाज सेवा की दिशा में नई प्रेरणा दी है। छात्रा शिवानी सुथार ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग समाजहित के कार्यों में करना चाहेंगी।

जावद विधानसभा के 141 शासकीय स्कूल शामिल
कक्षा 6 से 8 : 7200 विद्यार्थी – 200-200 रुपये
कक्षा 9 से 12 : 6600 विद्यार्थी – 500-500 रुपये
कुल विद्यार्थी : 14,000
कुल राशि : विधायक निधी से वितरीत लगभग 50 लाख रुपये

Related Post