डेस्क न्यूज़
17 September, 2025
अन्य
नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।तत्पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कॉलानी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, यह अनुशासन, एकता और टीम भावना को मजबूत करते हैं।जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय जी बाफना ने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार होता है और महाविद्यालय का गौरव बढ़ता है। प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबला शासकीय महाविद्यालय मनासा और श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नीमच की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।निर्णायक की भूमिका में प्रकाश राठौर (खेल एवं युवक कल्याण विभाग) तथा भावना वंशकार उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र राव ने कुशलतापूर्वक किया।प्रतियोगिता के इस सफल आयोजन से छात्राओं में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ तथा जिले में खेल भावना को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक सार्थक पहल सिद्ध हुई।