डेस्क न्यूज़
16 September, 2025
अपराध
नीमच। गरीब परिवार की दर्जनभर से अधिक महिलाएं जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और कैटरिंग संचालक राजू शर्मा (श्री श्याम कैटरिंग) पर मजदूरी की राशि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया। महिलाओं ने शिकायत में बताया कि वे मांगलिक एवं विवाह कार्यक्रमों में झूठे बर्तन साफ करने जैसे कार्य कर किसी तरह अपने परिवार का भरण पोषण करती हैं। इसी दौरान राजू शर्मा से जुड़कर उन्होंने कई विवाह आयोजनों में श्रम किया, लेकिन करीब 48 हजार रुपये की मजदूरी अब तक नहीं दी गई।शिकायत में महिलाओं ने उल्लेख किया कि रकम मांगने पर कैटरिंग संचालक द्वारा अश्लील गाली-गलौज व अपशब्द कहे जाते हैं। पीड़िताओं में कई गर्भवती और बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं, जिनका घर का खर्च केवल दिहाड़ी मजदूरी से चलता है। महिलाओं का कहना है कि उनके बच्चों का पेट भरने के लिए वे यह निम्न वर्गीय कार्य करने को मजबूर हैं, लेकिन मेहनताना नहीं मिलने से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है।आवेदन में यह भी बताया गया कि नीमच में हुए अनेक विवाह समारोहों में उन्होंने श्रम किया, जिसकी पूरी सूची संलग्न की गई है। सूची में ज्योति राव चौहान, हर्षिता राव चौहान, शहनाज, करिश्मा, सालिदा, लक्ष्मीबाई, चंद्रकांता, संतोष माली, ममता माली, चन्द्रबाला, शकीना, सक्कुबाई और संगीता जैसी महिलाएं शामिल हैं।प्रार्थी महिलाओं ने जिलाधीश से आग्रह किया है कि कैटरिंग संचालक से बकाया मजदूरी दिलवाई जाए, ताकि उनके परिवार का गुजर-बसर सुचारु रूप से चल सके। शिकायत के साथ कार्यक्रमों व बकाया राशि की विस्तृत सूची भी संलग्न की गई है।