ताजासमाचार

नीमच में ज्ञानोदय स्कुल की बस ने केन्द्रीय विद्यालय के बच्चों के ऑटो को मारी टक्कर, तीन बच्चे घायल – बस चालक बस लेकर मौके से फरार

डेस्क न्यूज 16 September, 2025 दुर्घटना

नीमच। सोमवार दोपहर शहर में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ज्ञानोदय स्कूल की बस और एक ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई। ऑटो में केंद्रीय विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सीधे पास की दीवार से जा टकराया। हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी बीच ज्ञानोदय स्कूल की बस का चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों का कहना है कि बस चालक नशे में था और जब वह बस भगाकर ले गया तो उसका दरवाजा तक खुला हुआ था।

घायल विद्यार्थियों में से एक बच्चे के पिता शैलेन्द्र राही ने बताया कि बच्चे ऑटो से उतर ही रहे थे तभी पीछे से बस चालक ने लापरवाही से आकर टक्कर मार दी। इसके चलते तीन बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे के सिर पर गंभीर चोट है।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अगले अपडेट के लिए द वॉचमैन पोस्ट से जुड़े रहें।

Related Post