ताजासमाचार

इंदौर में भयंकर हादसा: ट्रक ने कुचले कई राहगीर, जलते ट्रक से निकाला गया जिंदा आदमी; हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया

द वॉचमैन पोस्ट डेस्क 15 September, 2025 दुर्घटना

 

इंदौर, 15 सितंबर। सोमवार शाम इंदौर एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर इलाके में ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। एक तेज रफ्तार ट्रक失 ने अनियंत्रित होकर राहगीरों, रिक्शों और बाइकों को कुचल दिया। हादसे में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इंदौर के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा सड़क हादसा है।

हादसे का खौफनाक मंजर
तेज रफ्तार ट्रक जैसे ही शिक्षक नगर चौराहे पर पहुंचा, उसने लाइन से खड़े लोगों और वाहनों को रौंदना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे और ड्राइवर नशे में था। इस दौरान ट्रक में एक बाइक फंस गई, जो काफी दूर तक रगड़ती रही। चिंगारियां उठने के बाद बाइक में ब्लास्ट हुआ और ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धधक उठा और इलाके में चीख-पुकार मच गई।

जलते ट्रक से निकाला गया शख्स
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक के नीचे एक शख्स फंस गया था, जो आग की लपटों में घिर चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने जान जोखिम में डालकर जलते ट्रक के नीचे से उस जलते शख्स को बाहर निकाला। इस दृश्य को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। 

पुलिस का बयान और विरोधाभासी दावे
एसीपी अमित सिंह ने बताया कि अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 2 लोग घायल हैं। लेकिन स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मौतों का आंकड़ा कहीं अधिक है। सुभाष सोनी नामक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “कम से कम 7-8 लोगों की मौके पर मौत हुई है। मेरे जीजा जी के दोनों पैर अलग हो गए। कई लोगों को गीतांजली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

इलाके में तनाव, ट्रक को भीड़ ने जलाया
हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने मौके पर ही ट्रक में आग लगा दी। कुछ लोग कह रहे हैं की जो बाईक ट्रक में फंसी थी उसी में से पेट्रोल रिसाव हुआ और धमाके के साथ आग लगी। पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा है। प्रशासन ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात की है।

अब तक का सबसे भीषण हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इंदौर में इससे पहले कभी इतना भयावह सड़क हादसा नहीं हुआ। सड़क पर बिखरे शव, लपटों से घिरा ट्रक और चीखते-चिल्लाते लोग पूरे शहर के लिए सदमे जैसा दृश्य बन गए।

प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और ड्राइवर की स्थिती के बारे में कोई जानकारी नहीं लग पाई है । वहीं, मृतकों और घायलों के परिजनों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया गया है।

Related Post