डेस्क न्यूज़
15 September, 2025
राजनीति
नीमच। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार को रोटरी क्लब परिसर में आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अलीम शेख मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सम्मेलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व अध्यक्ष अनिल चौरसिया, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के महामंत्री अशरफ नगर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा सरकार पर भेदभाव के आरोप
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अलीम शेख ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यक वर्ग के साथ भेदभाव किया जा रहा है। सरकारी विभागों से लेकर थानों तक अल्पसंख्यकों को झूठे मामलों में फंसाने और प्रताड़ित करने की घटनाएं बढ़ी हैं।
कांग्रेस गठित करेगी लीगल टीम
अलीम शेख ने एलान किया कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग एक लीगल टीम बनाएगा, जो अन्याय के शिकार हर पीड़ित को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि विभाग सिर्फ मंच पर भाषण नहीं, जमीन पर कार्रवाई करेगा।
शिक्षा, कृषि, व्यापार – हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार
शेख ने भाजपा शासन को निरंकुश बताते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा, कृषि और व्यापार जैसे सभी क्षेत्रों में भ्रष्टाचार हावी है। आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और उन्हें समाधान के नाम पर टाला जा रहा है।
छात्रों, किसानों और व्यापारियों को बताया ठगा हुआ वर्ग
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासन में हर वर्ग अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। छात्र हो या किसान, व्यापारी हो या कर्मचारी — सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।
“वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान से कांग्रेस में नई ऊर्जा
राहुल गांधी के अभियान “वोट चोर, गद्दी छोड़” का ज़िक्र करते हुए शेख ने कहा कि इस आंदोलन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा वोट की चोरी नहीं कर पाएगी और जनता कांग्रेस के साथ खड़ी होगी।
कांग्रेस में कोई मनमुटाव नहीं, सब एकजुट
संगठन में अंदरूनी मतभेद के सवाल पर उन्होंने कहा, “कांग्रेस एक बड़ा घर है। यहां छोटी-मोटी नाराज़गियां हो सकती हैं, लेकिन कोई मनमुटाव नहीं है। सभी नेता और कार्यकर्ता एक ही लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं।”
अल्पसंख्यक ही नहीं, हर पीड़ित वर्ग की लड़ाई लड़ेगा विभाग
अलीम शेख ने बताया कि कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग सिर्फ एक वर्ग नहीं, बल्कि समाज के हर पीड़ित तबके की आवाज बनेगा। यह संगठन न्याय, अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता
सम्मेलन में शामिल कार्यकर्ताओं ने अलीम शेख के विचारों का समर्थन किया और कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करने का संकल्प दोहराया। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में भाजपा को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की।