ताजासमाचार

वैष्णव बैरागी समाज ने किया प्रथम रक्तदान शिविर का आयोजन, पीड़ित मानवता की खातिर युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

डेस्क न्यूज़ 15 September, 2025 अन्य

नीमच । वैष्णव बैरागी समाज जिला नीमच द्वारा रविवार को नगर में प्रथम रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। समाज की इस पहल का उद्देश्य था रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों की मदद करना। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के जिलाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी भानुप्रिया बैरागी ने बताया कि शिविर में समाज के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, इससे असंख्य लोगों की जान बचाई जा सकती है और यह मानवता की सच्ची सेवा है।शिविर में समाज के युवाओं सहित वरिष्ठजनों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। परिणामस्वरूप 50 से अधिक यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। इस उपलब्धि ने समाज में नया उत्साह भर दिया। आयोजन की सफलता पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संतोष व्यक्त किया तथा निर्णय लिया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को जीवनदान मिल सके।इस प्रथम प्रयास ने समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश दिया है कि एकजुट होकर समाज सेवा के कार्यों से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

Related Post