ताजासमाचार

भैंस से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक, दो युवक घायल,उपचार जारी

डेस्क न्यूज़ 15 September, 2025 अन्य

नीमच। रविवार दोपहर नीमच-हडक्याखाल मार्ग पर अचानक सड़क पर भैंस आ जाने से तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर भैंस से टकरा गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, साहिल पिता इलियास उम्र 20 वर्ष, बंसीलाल पिता कृष्णा उम्र 18 वर्ष और इरफान पिता मुन्ना उम्र 20 वर्ष तीनों निवासी पुरानी नगर पालिका नीमच रविवार को बाइक से हडक्याखाल गए थे। वापसी के दौरान हडक्याखाल फंटे से नीमच मार्ग पर अचानक भैंस सड़क के बीच आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया।साहिल को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बंसीलाल और इरफान को गंभीर चोटों के चलते भर्ती कर उपचार जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्रामीण मार्गों पर आवारा मवेशियों के विचरण से आए दिन दुर्घटनाएँ घटित हो रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क पर मवेशियों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा के उचित उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों।

Related Post