ताजासमाचार

नीमच की देलीशा खान भारतीय डॉजबॉल टीम में चयनित, जापान में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

डेस्क न्यूज़ 14 September, 2025 अन्य

नीमच | जिले के लिए गर्व का क्षण, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल नीमच की कक्षा 11 की छात्रा देलीशा खान का चयन भारतीय डॉजबॉल टीम में हुआ है। वे इस महीने के अंत में जापान के चिबा शहर में आयोजित होने जा रही एशियाई डॉजबॉल चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित होगी। देलीशा ने 13 जुलाई को देवास, मध्य प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह राष्ट्रीय टीम में पक्की की।
देलीशा के चयन पर पूरे नीमच में उत्साह का माहौल है। डॉजबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन के अनुसार, देलीशा का टीम इंडिया में चयन न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे नीमच जिले के लिए एक गौरवशाली क्षण है।
देलीशा तोषी मुजम्मिल खान की पुत्री हैं और खेल के प्रति उनकी लगन और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। अब नीमच की यह होनहार बेटी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तिरंगे को गौरवान्वित करने जा रही है। 

Related Post