डेस्क न्यूज़
13 September, 2025
अपराध
बघाना (नीमच)। कृषि उपज मंडी परिसर बघाना से चोरी गई 2 लाख रुपये की नकदी को बघाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना 11 सितंबर 2025 की है, जब फरियादी मिठ्ठूलाल जैन (63), निवासी धनेरिया रोड, गोकुलधाम कॉलोनी, ने बघाना थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मंडी परिसर में खड़ी उनकी स्कूटी की डिक्की से 2 लाख रुपये अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। इस पर थाना बघाना में अपराध क्रमांक 299/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर तीन टीमें गठित कर तत्काल छानबीन शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान और संभावित ठिकानों की तलाश की।
मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक ग्राम बिसलवास रोड स्थित बालाजी मंदिर के पीछे योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन तीनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर नदी-नाले और जंगल के रास्ते से फरार हो गए। मौके से बरामद थैले में एक रूमाल में लिपटी हुई 2 लाख रुपये की नकदी और फरियादी की फर्म चुन्नीलाल चंपालाल का बैंक स्टेटमेंट मिला। फरियादी ने मौके पर आकर नकदी और दस्तावेज की पहचान की, जिसे केस में जब्त किया गया।
फरार आरोपी:
1. विकास पिता सेवकराम, निवासी मुंगावली (जिला राजगढ़)
2. प्रशांत पिता पोला, निवासी कड़िया सांसी (जिला राजगढ़)
3. प्रशांत पिता गणेश, निवासी गुलखेड़ी (जिला राजगढ़)
तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और वर्तमान में जिला राजगढ़ से भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।
सराहनीय भूमिका:
निरीक्षक नीलेश अवस्थी
उपनिरीक्षक रामकिशन सिंघावत
प्रआर कमल तिवारी
आरक्षक पंकज पाटीदार, राहुल ढाबी, ओमप्रकाश पारगी, राहुल चंदेल, प्रियांक शर्मा, चेतनसिंह, भरतलाल पाटीदार, गिरधारीलाल, नेपालसिंह