ताजासमाचार

बघाना ओवरब्रिज निर्माण को लेकर राहवासियों विधायक को सौंपा ज्ञापन, सही स्थान पर जल्द निर्माण की रखी मांग

डेस्क न्यूज़ 13 September, 2025 अन्य

नीमच | बघाना क्षेत्र के सर्वधर्म समाज के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने शनिवार को विधायक निवास पहुंचकर विधायक दिलीप परिहार को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में बघाना ओवरब्रिज का निर्माण सही और पूर्व निर्धारित स्थान पर शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि बघाना की समस्त समाज, विभिन्न राजनैतिक दलों के पार्षद तथा स्थानीय नागरिक लंबे समय से ओवरब्रिज की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यातायात की समस्याओं को देखते हुए ओवरब्रिज का निर्माण अब टालना संभव नहीं है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका था, लेकिन कुछ बाहरी लोगों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराए जाने के कारण कार्य रुक गया। इससे क्षेत्र की जनता एक बार फिर अधर में लटक गई है और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अधूरा रह गया है।

ओवरब्रिज की ज़रूरत और चेतावनी
ज्ञापन में कहा गया कि ओवरब्रिज न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज़ से भी यह अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि कार्य में पुनः बाधा उत्पन्न की गई, तो बघाना के निवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

जनता को चाहिए आश्वासन और शीघ्र समाधान
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दिलीप परिहार से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्णय लें और जनता को विश्वास दिलाएं कि कार्य में अब कोई अड़चन नहीं आएगी। उनका कहना है कि यदि ओवरब्रिज का निर्माण सही स्थान पर होता है, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा। गलत निर्णय से क्षेत्र में अव्यवस्था और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

जनता को है सकारात्मक कदमों की उम्मीद
बघाना वासियों ने आशा व्यक्त की कि विधायक उनकी मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेंगे और ठोस कदम उठाकर ओवरब्रिज कार्य को पुनः गति देंगे। यह ओवरब्रिज न केवल एक निर्माण परियोजना है, बल्कि बघाना क्षेत्र के विकास की नींव भी है।

Related Post