ताजासमाचार

नीमच बड़ा हादसा: L&T कंपनी की बस ने रौंदे मजदूर — एक की मौत, दो घायल; आक्रोशित भीड़ ने बस में लगाई आग, एक करोड़ मुआवजे और नौकरी की माँग

डेस्क न्यूज़ 11 September, 2025 दुर्घटना

नीमच | रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम खीमला में आज सुबह एक भीषण हादसे में L&T कंपनी के मजदूरों को ले जा रही कंपनी की बस ने तीन मजदूरों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने बस को आग के हवाले कर दिया, और कंपनी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तीन श्रमिक — लच्छूराम पिता रामेश्वर रावत (28) निवासी अमरपुरा, गोविंद रावत (27) निवासी अमरपुरा और अनिल मीणा (18) निवासी मगड़दा — मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ही कंपनी L&T में कार्य करने जा रहे थे। इसी दौरान कंपनी की ही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में लच्छूराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि गोविंद को गंभीर हालत में नीमच रेफर किया गया और अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर गहरा आक्रोश फैल गया। L&T प्लांट के बाहर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया गया। देखते ही देखते भीड़ ने बेकाबू होते हुए हादसे में शामिल कंपनी की बस को आग के हवाले कर दिया।
गौर करने वाली बात यह रही कि यह आगजनी की घटना प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के मौके पर पहुंचने से चंद मिनट पहले ही हुई। बस धू-धू कर जल उठी और पूरी तरह खाक हो गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। मृतक के परिजन और प्रदर्शनकारी भीड़ ने एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, और घायलों के लिए उचित राहत राशि की माँग की है। प्रदर्शनकारी तब तक मौके से हटने को तैयार नहीं हैं जब तक प्रशासन उनकी मांगें पूरी नहीं करता।
इस मामले में स्थानीय कांग्रेस नेता राजू गरासिया सहित परिजनों का बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लापरवाहीपूर्ण घटना है। जब मजदूर कंपनी की बस से कुचले जाएँ, तो ये सिर्फ हादसा नहीं, जिम्मेदारी का प्रश्न बन जाता है। मृतक के परिवार को एक करोड़ मुआवजा और नौकरी मिलनी ही चाहिए। घायलों को भी तत्काल राहत दी जाए।"

 

Related Post