डेस्क न्यूज़
11 September, 2025
राजनीति
नीमच | किसानों की खराब हो चुकी फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर आज 11 सितम्बर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में ब्लॉक कांग्रेस सिंगोली एवं ब्लॉक कांग्रेस रतनगढ़ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा विगत दिनों हुई भारी बारिश से हुई फसल नुकसानी पर किसानों को आर्थिक राहत के रूप में तत्काल मुआवजा देने की मांग को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार सिंगोली को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सिंगोली ब्लॉक अध्यक्ष मनीष जैन एवं रतनगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह सांडा ने संयुक्त रूप से बताया की बारिश से किसानों की खराब हो चुकी फसलों को लेकर शासन प्रशासन गंभीर नहीं है एवं सरकार में बैठे जनप्रतिनिधि भी चुप बैठे हैं। किसानों को शत प्रतिशत मुआवजा मिलना चाहिए इन सब मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। आज के आंदोलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार, विधानसभा प्रत्याशी समंदर पटेल एवं जावद विधानसभा के सभी वरिष्ठ नेतागण भी उपस्थित रहेंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष द्वय ने बताया की सिंगोली में बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आज गुरुवार को प्रातः 11:30 बजे एवं रतनगढ़ में डाक बंगले में एकत्रित होकर दोपहर 2:30 बजे तहसीलदार को ज्ञापन दिया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष मनीष जैन व गोविंद सिंह सांडा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किसानों के हक़ की लड़ाई में उपस्थित रहने की अपील की है। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा ने दी।