डेस्क न्यूज़
11 September, 2025
दुर्घटना
नीमच। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम खीमला स्थित ग्रीनको कंपनी के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तीनों श्रमिक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।
रामपुरा शासकीय चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लच्छूराम पिता रामेश्वर रावत (28 वर्ष), निवासी अमरपुरा के रूप में हुई है। वहीं गोविंद पिता परसराम (27 वर्ष), निवासी अमरपुरा को गंभीर हालत में नीमच रेफर किया गया है। तीसरे घायल, अनिल मीणा (18 वर्ष), निवासी मगड़दा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने प्लांट के बाहर चक्का जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ की और आगजनी की भी सूचना मिली है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और हालात की निगरानी की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।