डेस्क न्यूज़
08 September, 2025
अन्य
नीमच। लाडली बहना योजना से वंचित पात्र बहनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बेरोजगार सेना मध्यप्रदेश संगठन ने सोमवार 8 सितंबर को महाराणा प्रताप चौराहे से विशाल महारैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।बेरोजगार सेना प्रदेश अध्यक्ष वकील बंजारा ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा लाडली बहना योजना का शुभारंभ किया गया था। योजना का उद्देश्य निर्धन,विधवा और जरूरतमंद बहनों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना था। इसके लिए शासन द्वारा पोर्टल पर सर्वे कर पात्र लाडली बहनों को लाभ प्रदाय किया गया। किंतु सर्वे प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं,जिसके चलते कई पात्र बहनाएं योजना से वंचित रह गईं।ज्ञापन में कहा गया कि विशेषकर नीमच जिले की अनेक गरीब, निर्धन व विधवा बहनाओं को पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिला। इससे उनमें भारी आक्रोश है। संगठन ने मांग की है कि रक्षाबंधन 2025 से पूर्व लाडली बहना योजना का पोर्टल पुनः खोला जाए और नया सर्वे कर पात्र वंचित बहनों को योजना से जोड़ा जाए।बेरोजगार सेना ने चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा पोर्टल पुनःनहीं खोला गया तो मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की वंचित लाडली बहनाओं को साथ लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी और इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों पर भी देखने को मिलेगा।इस अवसर पर बेरोजगार सेना के कार्यकर्ताओं ने कहा कि योजना का लाभ किसी भी पात्र बहन से वंचित नहीं रहना चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सर्वे निष्पक्ष और सही तरीके से हो। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।बेरोजगार सेना ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से स्पष्ट मांग की कि पात्र वंचित लाडली बहनों का सर्वे दोबारा किया जाए, पोर्टल शीघ्र चालू किया जाए और उन्हें योजना का लाभ दिलवाया जाए। संगठन ने यह भी दोहराया कि आंदोलन उनकी मजबूरी है,उद्देश्य सिर्फ पात्र हितग्राहियों को न्याय दिलाना है।