डेस्क न्यूज़
27 August, 2025
राजनीति
नीमच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नीमच इकाई ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन की प्रवेश प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई है। इसी संदर्भ में परिषद ने कुलपति को संबोधित करते हुए ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
एबीवीपी ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान में स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं, किंतु तकनीकी खामियों के चलते विद्यार्थी प्रमोट नहीं हो पा रहे हैं। प्रवेश पोर्टल पर विद्यार्थियों की एबीसी आईडी अपलोड नहीं हो रही, जिसके कारण सैकड़ों विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो रहे हैं और गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। परिषद ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में उत्पन्न यह अव्यवस्था विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यदि शीघ्र ही तकनीकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रभावित होंगे। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी कि समय पर सुधार नहीं होने पर एबीवीपी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि इस संभावित आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी विक्रम विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। परिषद ने यह भी कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर अत्यंत चिंतित हैं, इसलिए प्रशासन को गंभीरता से समस्या का समाधान करना चाहिए।
विद्यार्थी परिषद ने मांग रखी है कि विश्वविद्यालय तत्काल प्रभाव से प्रवेश पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों को दूर करे ताकि सभी विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के प्रवेश प्राप्त कर सकें और अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकें।