डेस्क न्यूज
26 August, 2025
राजनीति
नीमच। रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव मतदान के बाद स्थगित किए जाने के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने सत्तापक्ष के दबाव में चुनाव प्रक्रिया रोकी है। इस विरोध में गांधी भवन से रैली निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने "वोट चोर-वोट चोर" के नारे लगाए और हाथों में पोस्टर लहराए।
रैली गांधी भवन से शुरू होकर विजय टॉकीज होते हुए फोरजीरो चौराहा पहुंची, जहां भारत माता की प्रतिमा को ज्ञापन अर्पित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि जब प्रशासन ने भाजपा नेताओं के दबाव में चुनाव रोका है, तो उन्हें ज्ञापन सौंपने का कोई अर्थ नहीं। इसलिए विरोध का ज्ञापन भारत माता को अर्पित किया गया। उन्होंने रेडक्रॉस चुनाव संचालन करने वाले पीठासीन अधिकारी एसडीएम संजीव साहू को तत्काल निलंबित करने की मांग भी की।
कांग्रेस का आरोप है कि 16 साल बाद हुए रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव 25 अगस्त को मतदान के बाद मतगणना से ठीक पहले स्थगित कर दिए गए। मतपेटियां खोली जा चुकी थीं और मतपत्रों के बंडल भी तैयार हो गए थे, लेकिन आपत्तियों का हवाला देकर कलेक्टर ने प्रक्रिया रोक दी। ज्ञापन में कहा गया कि यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है। मानवीय सेवाओं से जुड़ी संस्था का चुनाव यदि राजनीतिक दबाव में रुकता है, तो जनता का भरोसा टूटेगा और लोकतंत्र खोखला होगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरूण बाहेती, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार, हाजी बाबू सलीम, डॉ पृथ्वी सिंह वर्मा, नाथूसिंह राठौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मधु बंसल, ब्रजेश सक्सेना, श्याम सोनी, राजू गरासिया, ओम दीवान, ब्रजेश मित्तल, ओम शर्मा, मुकेश कालरा, चंद्रशेखर पालीवाल, भगत वर्मा, मनीष पोरवाल, मोहनसिंह जाट, मंगेश संघई, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र मोनू लोक्स, आरसागर कछावा, जीरन ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष विनोदसिंह भंवरासा, हिदायतुल्ला खान, सेवादल जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव,नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति, विमल शर्मा,नीमच ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत पाटीदार, मनोहरसिंह अंब,रणजीतसिंह तंवर बबली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।