ताजासमाचार

स्वर्णकार समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, दलौदा लूटकांड पर जताई नाराजगी

डेस्क न्यूज़ 20 August, 2025 अपराध

नीमच। श्री जिला मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, जिला नीमच ने मध्यप्रदेश में स्वर्णकार व्यापारियों के साथ बढ़ रही लूट एवं हमलों की घटनाओं को लेकर गहरी चिंता जताई है। इसी क्रम में समाजजनों ने बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशभर में आए दिन सोना-चांदी व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। दलौदा निवासी विनोद सोनी के साथ भी लूट की वारदात हुई थी। इसी कड़ी में हाल ही में 15 अगस्त 2025 की रात मंदसौर जिले के दलौदा नगर में एक और सनसनीखेज घटना सामने आई। सवालिया विहार गेट के सामने बदमाशों ने व्यापारी अमित सोनी पिता मनोहरलाल सोनी पर जानलेवा हमला कर दिया और सोना-चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इस हमले में सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए।समाज ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से स्वर्णकार व्यापारियों में भय का माहौल है और बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ज्ञापन में कहा गया कि दलौदा की घटना के आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे समाज में रोष व्याप्त है।स्वर्णकार समाज, नीमच ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि व्यापारियों को अपनी सुरक्षा हेतु आत्मरक्षा बंदूक का लाइसेंस देने की अनुमति दी जाए, ताकि वे अपनी जान-माल की रक्षा कर सकें। साथ ही, उन्होंने धारा 411 और 412 को समाप्त करने की भी मांग रखी। समाज का कहना है कि पुलिस इन धाराओं का दुरुपयोग कर निर्दोष व्यापारियों को अपमानित करती है, जबकि व्यापारी हमेशा वैध लेन-देन कर माल खरीदते हैं।अंत में समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल वापस नहीं दिलाया गया, तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। समाज ने दलौदा घटना की घोर निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Related Post