डेस्क न्यूज़
04 August, 2025
धार्मिक
नीमच। सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को शहर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। राजेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में पहली कावड़ यात्रा का आयोजन भव्य रूप से किया गया। यह कावड़ यात्रा एलआईसी चौराहा स्थित सात माता मंदिर से प्रारंभ हुई, जहां से बैंड-बाजों और ढोल के साथ शिवभक्तों का उत्साही जत्था निकला।यात्रा ने एलआईसी चौराहा, अंबेडकर मार्ग, शिवाजी सर्कल जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए राजीव नगर स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर तक अपनी श्रद्धा और भक्ति का संदेश फैलाया। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयघोष किए गए, जिससे वातावरण शिवमय हो उठा। विशेष बात यह रही कि इस यात्रा में एक कावड़ 51 किलो वज़न की थी, जो सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रही।मंदिर पहुंचने पर सभी कावड़ यात्रियों ने विधि-विधान से भगवान राजेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और सावन के इस पावन माह में अपनी आस्था व्यक्त की। आयोजन में करीब 80 से अधिक शिवभक्त कावड़ लेकर शामिल हुए, जिनमें युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।यात्रा समापन पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को जारी रखने की बात कही। यात्रा निर्विघ्न,शांतिपूर्ण सफल रही।