ताजासमाचार

5.64 लाख में धोखें से बेेच दी सरकारी जमीन - पीड़ित पहुंचा कलेक्टर के दरबार - अधिकारी से हुई बहस

डेस्क न्यूज़ 29 July, 2025 अपराध

नीमच। ग्राम दुदरसी निवासी विष्णु कुमार पिता राधेश्याम शर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें धोखे से शासकीय भूमि बेच दी गई, जिसके एवज में उन्होंने 5,64,000 की राशि गोपीलाल पिता भेरूलाल खारोल निवासी ग्राम दुदरसी को दी थी। आरोप है कि विक्रय अनुबंध करने के बाद भी उक्त भूमि का कब्जा गोपीलाल और उसके परिजनों द्वारा नहीं छोड़ा गया, बल्कि अब भी वे उस भूमि पर अवैध रूप से काबिज हैं।विष्णु कुमार ने बताया कि विवादित भूमि ग्राम दुदरसी में सर्वे नंबर 860 से लगी लगभग 0.40 हेक्टेयर की शासकीय भूमि है, जिसे गोपीलाल ने निजी बताकर बेच दिया। पीड़ित ने यह भी कहा कि गोपीलाल,उसका पुत्र अमृतलाल और पत्नी बादामीबाई इस अवैध कब्जे में शामिल हैं। पीड़ित ने धोखाधड़ी, शासकीय संपत्ति का अवैध विक्रय और कब्जाधारी होने के आरोप में उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।विष्णु कुमार ने पूर्व में भी इस मामले को लेकर कई बार जनसुनवाई, कलेक्टर कार्यालय और संबंधित विभागों में आवेदन दिए थे, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित होकर वह मंगलवार को फिर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। यहां अधिकारियों से चर्चा के दौरान बहस की स्थिति भी बनी। मौके पर एसडीएम पहुंचे और उन्होंने पीड़ित से आवेदन लेकर समझाइश दी तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।पीड़ित ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि उक्त शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कर शासन के अधीन लाया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।

Related Post