डेस्क न्यूज़
22 July, 2025
अपराध
नीमच। ग्राम केवलपुरा की महिलाओं द्वारा संचालित "जय माँ सरस्वती स्व-सहायता समूह" में आर्थिक गड़बड़ी और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार को समूह की पीड़ित महिला सदस्याओं ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन उनके प्रतिनिधि को सौंपा, जिसमें समूह की अध्यक्ष कैलाशी बाई और सचिव दुर्गा बाई पर करीब 15 लाख रुपये के गबन और सूदखोरी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।ज्ञापन में बताया गया कि दोनों पदाधिकारी आपस में जेठानी-देवरानी हैं और उन्होंने समूह की अन्य 9 सदस्याओं से बिना जानकारी लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में पता चला कि उनके नाम पर स्टेट बैंक झांतला शाखा से 15 लाख रुपये का लोन लिया गया है, जिसे स्वयं के हित में उपयोग कर वे गरीब महिलाओं को ही उसी धन को ब्याज पर देकर शोषण कर रही हैं। आरोपों के अनुसार इन महिलाओं के खेत तक गिरवी रखवाए गए हैं।पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग से आती हैं और मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करती हैं। उनके अनुसार, इस धोखाधड़ी से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति पर संकट आया है, बल्कि उनकी सामाजिक साख भी प्रभावित हुई है।महिलाओं ने मांग की है कि इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच हो, दोषी पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और समूह की निर्दोष सदस्याओं को ऋण भार से मुक्त कर आवश्यक सहायता दी जाए। उन्होंने भविष्य में ऐसे मामलों से बचने के लिए समूहों पर निगरानी रखने की भी मांग की।ज्ञापन के साथ समूह की सदस्य सूची, बैंक लोन की जानकारी और दस्तावेजी प्रमाण भी संलग्न किए गए हैं। पीड़ित महिलाएं अब न्याय की प्रतीक्षा कर रही हैं।