ताजासमाचार

नीमच में विहिप द्वारा 7वीं विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन, संतों का मिला सानिध्य, राम-लक्ष्मण-जानकी की झांकी रही आकर्षण का केंद्र

डेस्क न्यूज 20 July, 2025 धार्मिक

नीमच। श्रावण मास के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा 7वीं विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन रविवार को धूमधाम से किया गया। यह धार्मिक आयोजन श्रृद्धालुओं की आस्था का अद्भुत संगम बन गया जिसमें संतों का सानिध्य और भक्तों की भारी भागीदारी रही।

विभाग गौ रक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1:00 बजे पुलकितानंद महादेव मंदिर, जायसवाल कॉलोनी बघाना से हुआ। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री चंद्रशेखर महादेव मंदिर (जाजूजी की बगीची) तक पहुंची, जहां विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक कर रुद्राक्ष वितरण एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।

कांवड़ यात्रा में बग्गी रथ में राष्ट्रीय संत परम पूज्य डॉ. पं.मिथिलेश नागर तथा प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. लक्ष्मण शास्त्री (समय के पाबंद) विराजमान रहे। उनके सानिध्य से यात्रा को आध्यात्मिक ऊर्जा मिली। इस दौरान सनातन धर्म के अन्य संतो ने उपस्थित रहकर यात्रा को शुभाशीष दिया।

यात्रा में स्वांगधारी बच्चों द्वारा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता जानकी की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा रामेश्वरम तीर्थ की झांकी में समुद्र तट पर श्रीराम द्वारा शिवलिंग की स्थापना और पूजन दृश्य को भव्य रूप में सजाया गया। यात्रा के दौरान बम-बम भोले के जयघोष, बैंड-बाजों की मधुर धुन, भगवा पताकाएं और भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।

मंदिर पहुंचने पर यात्रा एक धर्मसभा में परिवर्तित हुई, जिसमें संत डॉ. मिथिलेश नागर ने धर्म, भक्ति, और राष्ट्रीय चेतना पर आधारित प्रभावशाली बौद्धिक उद्बोधन दिया।कार्यक्रम के अंत में पं. लक्ष्मण शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरित किए गए।

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवा बजरंग दल कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। यात्रा का समापन भक्तिभाव और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Related Post