ताजासमाचार

आदिवासी की जमीन पर दबंगो का कब्जा - कांग्रेस ने दिया समर्थन - कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 16 July, 2025 अपराध

नीमच।अरनिया कुमार गांव की एक आदिवासी महिला ज्योति बाई पति कालू लाल भील ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा किए जा रहे जबरन कब्जे के खिलाफ बुधवार को अनुसूचित जाति विभाग जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। पीड़िता ने बताया कि उसका परिवार भील समाज से संबंध रखता है और वर्षों से मजदूरी खेती कर गुजर-बसर कर रहा है।ज्ञापन में बताया गया कि पीड़िता के ससुर नारू पिता बगदु मीणा के नाम अरनिया कुमार गांव में सर्वे नंबर 203/2 205 कुल 1.26 हेक्टेयर भूमि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। यह भूमि पीड़िता का परिवार लंबे समय से जोतता रहा है। लेकिन विपक्षी मितुल घीसालाल मित्तल द्वारा धोखाधड़ी करते हुए सिर्फ एक बीघा भूमि के बदले छह बीघा भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि मित्तल ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री निष्पादित कर शासकीय रिकॉर्ड में हेराफेरी की है।ज्ञापन में यह भी बताया गया कि तत्कालीन पटवारी तहसीलदार की मिलीभगत से यह कृत्य किया गया है, जिससे पीड़ित परिवार को गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है। कांग्रेस एससी विभाग के महेश वीरवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले की राजस्व रिकॉर्ड सहित निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए और पीड़िता को न्याय दिलाया जाए।पीड़िता ने प्रशासन से अपील की है कि आदिवासी समाज की जमीन की रक्षा की जाए और दबंगों की अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

Related Post