News desk
11 July, 2025
अपराध
नीमच।कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले अम्बेडकर रोड स्थित बंसल चौराहा केपास मल्टी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 55 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर में खून से लथपथ हालत में मिला। मृतका की पहचान लीलाबाई पति गिरधारीलाल गोयल निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर में अकेली थी और बाकी परिजन दुकान पर थे।घटना की जानकारी मिलते ही कैंट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, क्योंकि महिला के गले और गर्दन के पीछे चोट के गंभीर निशान मिले हैं।परिजनों के अनुसार, शाम लगभग 8 से 9 बजे के बीच महिला के पति गिरधारीलाल जब घर लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। भीतर प्रवेश करने पर लीला बाई पलंग पर खून से सनी पड़ी मिलीं। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।परिजन मनीष गोयल ने बताया कि मृतका लीला बाई उस समय घर पर अकेली थीं। शाम को जब परिजन दुकान से लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला और भीतर चाची खून से लथपथ पड़ी थीं। गर्दन के पीछे से खून निकल रहा था, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच प्रारंभ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। महिला की मौत हत्या है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। कैंट थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।