डेस्क न्यूज
09 July, 2025
धार्मिक
नीमच। श्रावण मास के पावन अवसर पर नीमच नगर एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। हरि सत्संग मंडल के तत्वावधान में 11 जुलाई से 6 अगस्त 2025 तक गोमाबाई रोड स्थित लायन डेन परिसर में 27 दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा एवं श्री पार्थिव पूजन अभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और कल 10 जुलाई को आयोजन से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।यह धार्मिक आयोजन प्रतिदिन प्रातःकाल से ही विभिन्न कार्यक्रमों के साथ प्रारंभ होगा। प्रतिदिन सुबह 8 से 9 बजे तक वेद पाठ, दोपहर 1 से 3 बजे तक शिव महापुराण की संगीतमय कथा तथा 3 से 4:30 बजे तक पार्थिव शिव पूजन सहित अन्य धार्मिक क्रियाएं होंगी। इस कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित रुद्र प्रताप तिवारी (निवासी जावद) के सान्निध्य में होगा, जो अपनी ओजस्वी वाणी से शिव महिमा का वर्णन करेंगे।इस महायज्ञ के दौरान विशेष रूप से 13 विद्वान पंडित चारों वेदों का पाठ करेंगे, जो पूरे आयोजन में वैदिक ऊर्जा का संचार करते रहेंगे। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य न सिर्फ जनमानस में शिवभक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है, बल्कि निर्धन, अनाथ और अभिभावकविहीन बच्चों की शिक्षा व्यवस्था करना भी इस आयोजन का मुख्य संकल्प है।कथावाचक पंडित रुद्र देव त्रिपाठी ने बताया कि पूरे आयोजन के केंद्र में एक विशेष शिवलिंग होगा, जो 27,000 रुद्राक्ष से निर्मित है। आयोजन के अंतिम दिन इस शिवलिंग की विशेष पूजा अर्चना के साथ भक्तों को अभिमंत्रित 27,000 रुद्राक्ष का दिव्य प्रसाद स्वरूप वितरण भी किया जाएगा, जो इस आयोजन को अद्वितीय और दुर्लभ बनाता है।हरि सत्संग मंडल ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे इस आध्यात्मिक पर्व में सहभागी बनकर श्रावण मास को सार्थक करें और शिव कृपा प्राप्त करें।