डेस्क न्यूज
22 June, 2025
धार्मिक
नीमच। श्रावण मास के पुण्य अवसर पर धार्मिक नगरी नीमच में भव्य आध्यात्मिक आयोजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। हरि सत्संग मंडल के तत्वावधान में इस वर्ष 27 दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा एवं श्री पार्थिव पूजन अभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 11 जुलाई से 6 अगस्त 2025 तक गोमाबाई रोड स्थित लायन डेन परिसर में प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित होगा। इस पावन आयोजन में जावद निवासी प्रसिद्ध कथावाचक पंडित रुद्र प्रताप तिवारी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण की कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसके साथ ही आयोजन के दौरान 11 विद्वान पंडितों द्वारा चारों वेदों के पाठ का अनवरत पाठ 27 दिनों तक किया जाएगा, जिससे वातावरण वैदिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहेगा। विशेष रूप से आयोजन के अंतिम दिन रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग का पूजन एवं भक्तजनों को अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए दिव्य और दुर्लभ प्रसाद के रूप में होगा।
रविवार को हरि सत्संग मंडल समिति के सदस्यगण एवं कथावाचक पंडित रुद्र प्रताप तिवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए आयोजन की विस्तृत जानकारी दी और समस्त शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की। आयोजन का उद्देश्य जनमानस में शिवभक्ति, वेदमार्ग और आध्यात्मिक जागृति का संचार करना है।